न्याय आपके द्वार: लोक अदालत के लिए निकला जागरूकता रथ, छात्रों ने रैली से दिया सुलह का संदेश..
12 सितंबर को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, लंबित व प्री-लिटिगेशन मामलों के समाधान की अपील
फिरोजाबाद, 7 सितंबर। राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर सोमवार को जनपद न्यायालय परिसर से जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। जनपद न्यायाधीश डॉ. बब्बू सारंग ने प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर जनपद के समस्त न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।
प्रचार वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जानकारी देंगे। इस दौरान आमजन को अपने लंबित व प्री-लिटिगेशन मामलों का सुलह-समझौते के माध्यम से त्वरित निस्तारण कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
छात्रों ने रैली निकालकर किया जागरूक
प्रचार वाहनों के रवाना होने के बाद राजकीय हाईस्कूल, दबरई और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। हाथों में जागरूकता संदेशों से संबंधित तख्तियां लेकर छात्रों ने लोगों को लोक अदालत के महत्व और इसके माध्यम से मिलने वाले त्वरित एवं सरल न्याय की जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुष्री योगेश शिवा ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को कम समय और कम खर्च में न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम है। सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का निस्तारण होने से पक्षकारों के समय एवं धन की बचत होती है और आपसी विवाद भी समाप्त होते हैं।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने लंबित अथवा प्री-लिटिगेशन मामलों का निस्तारण कराएं। इसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
फोटो कैप्शन: राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते जनपद न्यायाधीश डॉ. बब्बू सारंग एवं जागरूकता रैली में शामिल छात्र-छात्राएं।
हिन्द भारत टुडे न्यूज़
जिला फिरोजाबाद
मोहम्मद इरफान
पत्रकार फिरोजाबाद