शिकोहाबाद तहसील में लगा सम्पूर्ण समाधान दिवस, डीएम ने सुनीं फरियादियों की शिकायतें
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद तहसील सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के वरिष्ठ अधिकारियों सहित एसएसपी आदित्य लांघे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियाद लेकर पहुंचे शिकायतकर्ताओं की जिलाधिकारी ने करीब दोपहर दो बजे तक मौजूद रहकर समस्याएं सुनीं। डीएम ने शिकायतकर्ताओं को कुर्सी पर बैठाकर सम्मानपूर्वक उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 75 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर न किया जाए, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने फर्जी अथवा गलत निस्तारण करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, बिजली, नगर निकाय सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के सामने रखी गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।