4 साल से छोटे बच्चों के लिए सर्दी-जुकाम की इन दवाओं पर सरकार ने लगाई रोक
Agency:एजेंसियां
Last Updated:August 22, 2026, 12:16 IST
केंद्र सरकार ने चार साल से कम उम्र के बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए क्लोरफेनिरामाइन मैलेट और फेनिलेफ्राइन हाइड्रोक्लोराइड वाले फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन (FDC) के निर्माण, बिक्री और वितरण पर रोक लगा दी है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी कंपनियों को इन दवाओं के लेबल, पैकेज और प्रचार सामग्री पर साफ चेतावनी लिखने का निर्देश दिया है कि इनका इस्तेमाल चार साल से कम उम्र के बच्चों में नहीं किया जाना चाहिए. यह फैसला विशेषज्ञ समिति और ड्रग्स टेक्निकल एडवाइजरी बोर्ड की सिफारिशों के बाद लिया गया है.
4 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए एफडीसी दवाओं पर रोक, लेबल पर चेतावनी लिखना अनिवार्य (सांकेतिक तस्वीर)
छोटे बच्चों की सेहत और सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा और अहम फैसला लिया है. सरकार ने चार साल से कम उम्र के बच्चों के लिए क्लोरफेनिरामाइन मैलेट और फेनिलेफ्राइन हाइड्रोक्लोराइड वाले ‘फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन’ (एफडीसी) के निर्माण, बिक्री और वितरण पर पूरी तरह से रोक लगा दी है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए कहा है कि अब इन दो सामग्रियों वाले किसी भी फॉर्मूलेशन का उत्पादन या बिक्री नहीं की जा सकेगी. साथ ही, कंपनियों के लिए यह अनिवार्य कर दिया गया है कि वे इन दवाओं के लेबल पर स्पष्ट चेतावनी लिखें कि इनका इस्तेमाल चार साल से कम उम्र के बच्चों पर नहीं किया जाना चाहिए.
सरकार ने इस फैसले के पीछे बच्चों की सुरक्षा को सबसे बड़ा कारण बताया है. दरअसल, यह फैसला एक एक्सपर्ट कमेटी और ड्रग्स टेक्निकल एडवाइजरी बोर्ड (डीटीएबी) की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है. विशेषज्ञों ने अपनी रिपोर्ट में पाया कि क्लोरफेनिरामाइन मैलेट और फेनिलेफ्राइन का कॉम्बिनेशन चार साल से कम उम्र के बच्चों के लिए जोखिम भरा हो सकता है. इस उम्र के बच्चों में इसके दुष्प्रभाव अधिक देखे जा सकते हैं, जबकि इसके सुरक्षित विकल्प बाजार में मौजूद हैं.
गौरतलब है कि इससे पहले 15 अप्रैल 2025 को जारी की गई अधिसूचना के जरिए सरकार ने क्लोरफेनिरामाइन मैलेट और फेनिलेफ्राइन हाइड्रोक्लोराइड वाले कुछ खास एफडीसी पर ही रोक लगाई थी, जिसमें उम्र से जुड़ी चेतावनी शामिल थी. लेकिन ताजा अधिसूचना के साथ सरकार ने इस नियम का दायरा बढ़ा दिया है. अब यह रोक इन दोनों सामग्रियों वाले सभी तरह के फॉर्मूलेशन पर लागू होगी, चाहे वह किसी भी ब्रांड या डोज में हो.
नई अधिसूचना के अनुसार, सभी मैन्युफैक्चरर्स को निर्देश दिया गया है कि वे इन फॉर्मूलेशन से जुड़े लेबल, पैकेज इंसर्ट और प्रचार सामग्री पर स्पष्ट रूप से यह चेतावनी अनिवार्य रूप से लिखें – ‘फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन का इस्तेमाल चार साल से कम उम्र के बच्चों पर नहीं किया जाना चाहिए.’
यह अधिसूचना ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 की धारा 26ए के तहत जनहित में जारी की गई है और यह ऑफिशियल गजट में इसके प्रकाशन की तारीख से लागू हो जाएगी. इस फैसले के बाद अब बाजार में बिक रही सर्दी-जुकाम की कई लोकप्रिय सिरप और दवाओं पर असर पड़ने की संभावना है, जिनका इस्तेमाल आमतौर पर छोटे बच्चों के लिए किया जाता था.
बता दें कि क्लोरफेनिरामाइन मैलेट और फेनिलेफ्राइन हाइड्रोक्लोराइड एक संयुक्त दवा है. इसका उपयोग आम सर्दी-जुकाम, फ्लू और एलर्जी के लक्षणों जैसे बहती नाक, छींकने, आंखों में खुजली और पानी आने तथा बंद नाक (नाक की जकड़न) से राहत पाने के लिए किया जाता है.
About the Author
Shankar Pandit has more than 10 years of experience in journalism. Before News18 (Network18 Group), he had worked with Hindustan times (Live Hindustan), NDTV, India News Aand Scoop Whoop. Currently he handle ho…
और पढ़ेंFirst Published :
August 22, 2026, 12:16 IST