जश्न-ए-मिलादुन्नबी के सफल आयोजन पर इस्तकबालिया एवं सम्मान समारोह
फिरोजाबाद। जश्न-ए-मिलादुन्नबी के मौके पर निकाले गए
जुलूस-ए-मोहम्मदी के सफल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन के बाद सोमवार को बॉबी पैलेस, 60 फुटा रोड पर इस्तकबालिया एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम मदरसा अशरफिया रफ़ीउल उलूम मरकज़ अहले सुन्नत के तत्वावधान में मोहम्मद अरशद खान रज़वी, ज़िला सदर जुलूस-ए-मोहम्मदी कमेटी फिरोजाबाद की निगरानी में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जुलूस की सफलता में सहयोग करने वाले उलमा-ए-किराम, इमाम हज़रात, पुलिस-प्रशासन, पत्रकार बंधुओं, समाजसेवियों और कमेटी की पूरी टीम का सम्मान एवं इस्तकबाल किया गया।
कार्यक्रम में एसपी सिटी फिरोजाबाद माननीय रवि शंकर प्रसाद, थाना रामगढ़ के कोतवाल संजीव कुमार दुबे एवं इंस्पेक्टर क्राइम शमीम अहमद सहित शहर के वरिष्ठ उलमा-ए-किराम और इमाम हज़रात ने शिरकत की। सभी अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान एवं स्वागत किया गया।
इस मौके पर वरिष्ठ समाजसेवियों में हिकमतुल्लाह खान, अध्यक्ष करबला कमेटी, अब्दुल नदीम खान एडवोकेट, डॉ. एम.एस. अख्तर और असलम भोला सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मोहम्मद अरशद खान रज़वी ने पुलिस-प्रशासन, उलमा, इमाम हज़रात, पत्रकार बंधुओं, समाजसेवियों, कमेटी के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों, नौजवानों और सभी अकीदतमंदों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से जुलूस-ए-मोहम्मदी अमन, अनुशासन और भाईचारे के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि मीडिया ने भी जुलूस के सकारात्मक और शांतिपूर्ण संदेश को लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई, जिसके लिए सभी पत्रकार बंधु बधाई और सम्मान के पात्र हैं।
उन्होंने कहा कि आगे भी कमेटी का प्रयास रहेगा कि जुलूस-ए-मोहम्मदी के जरिए अमन, भाईचारे, मोहब्बत और इंसानियत का पैगाम दिया जाता रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी मेहमानों एवं उपस्थित लोगों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई।
मोहम्मद इरफान पत्रकार हिन्द भारत न्यूज फिरोजाबाद